पिछले कुछ सालों में क्रिकेट (Cricket) के मैदान पर भारत और बांग्लादेश (India vs Bangladesh) के बीच प्रतिद्वंद्विता काफी कड़ी हुई है.

नई दिल्ली. जब टीम इंडिया के चिर प्रतिद्वंद्वियों की बात आती है तो सबसे पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम का नाम सामने आता है. यहां तक कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच भी बेहद कड़ा क्रिकेट खेला जाता है. मगर पिछले कुछ सालों में टीम इंडिया के साथ कड़ी प्रतिद्वंद्विता करने वाली टीमों में एक नाम और जुड़ गया है. उस टीम का नाम है बांग्लादेश. दरअसल, आईसीसी वर्ल्ड कप 2015 से बांग्लादेश और भारत के बीच क्रिकेट के मैदान पर होने वाले मुकाबले किसी जंग से कम नहीं होते. हालांकि क्रिकेट के मैदान में दुश्मनी की ये कहानी उससे भी पहले की है. आइए, हम आपको बताते हैं कि भारत-बांग्लादेश के बीच ये कड़ी प्रतिद्वंद्विता कब शुरू हुई और किन विवादों ने इसे चरम तक पहुंचाया.

1. नो बॉल विवाद : साल 2015 में आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हुआ ये विवाद कोई भी क्रिकेट प्रशंसक भूला नहीं है. इस मैच में रोहित शर्मा ने 137 रन बनाए थे. मगर बांग्लादेश का मानना था कि रोहित अपने शतक से काफी पहले ही आउट हो गए थे, लेकिन अंपायर ने गलत फैसला देकर उन्हें बचा लिया. मैच में बांग्‍लदेशी गेंदबाज रूबेल हुसैन की फुल टॉस पर रोहित शर्मा कैच आउट हो गए, लेकिन अंपायर ने इसे नोबॉल करार दे दिया. हालांकि बांग्लादेश ने इस फैसले को लेकर बवाल खड़ा कर दिया. यहां तक कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने ये फैसला देने वाले अंपायरों के खिलाफ अपील करने की बात भी कही.

2. तस्वीरों में भारतीय खिलाड़ियों का मजाक : साल 2015 में दोनों टीमों के बीच वनडे सीरीज खेली गई थी, जिसमें बांग्लादेश ने भारतीय टीम को 2-1 से शिकस्त दी. इस सीरीज के बाद बांग्लादेश के एक बड़े अखबार में एक तस्वीर छपी, जिसमें बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान के हाथ में एक कटर दिखाया गया है और भारतीय बल्लेबाजों के चेहरे को हाफ शेव्ड दिखाया गया है. इसके जरिये ये बताने की कोशिश की गई कि मुस्ताफिजुर रहमान की गेंदों के चलते भारतीय बल्लेबाजों का ऐसा हाल हो गया. इस तस्वीर के चलते भारत-बांग्लादेश क्रिकेटीय संबंधों में और खटास आ गई.


3. महेंद्र सिंह धोनी का 'कटा सिर' : एशिया कप से पहले एक ऐसी तस्वीर सोशल मीडिया में वायरल हो गई, जिसमें बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद ने भारतीय टीम के तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का कटा हुआ सिर अपने हाथ में पकड़ रखा था. माना गया कि ये तस्वीर बांग्लादेश क्रिकेट प्रशंसक ने फेसबुक पर पोस्ट की थी. एशिया कप के फाइनल से पहले सामने आए इस मामले ने दोनों देशों के बीच की तल्‍खी को और बढ़ा दिया. फाइनल में भारत ने बांग्लादेश को आठ विकेट से करारी मात दी और दिलचस्प बात ये रही कि विजयी छक्का महेंद्र सिंह धोनी के बल्ले से ही निकला.

4. मुशफिकुर रहीम का वो ट्वीट : भारतीय टीम 2016 के टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में हार गई थी. इस टूर्नामेंट के लीग मैच में भारत ने बांग्लादेश को महज एक रन से मात दी थी. सेमीफाइनल में जैसे ही भारत को वेस्टइंडीज के हाथों मात मिली, बांग्लादेश के बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने महेंद्र सिंह धोनी की तस्वीर पोस्ट करते हुए ट्वीट किया, 'हैप्पीनेस इज द... हाहाहा, भारत सेमीफाइनल में हार गया.' हालांकि चारों ओर से घटिया स्पोर्ट्समैनशिप दिखाने के लिए हुई आलोचना के बाद रहीम ने वो ट्वीट डिलीट कर दिया और ये कहते हुए माफी मांगी कि वो वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के प्रशंसक हैं.


5. धोनी ने मुस्ताफिजुर को मारी कोहनी : साल 2015 में भारत और बांग्लादेश के बीच मीरपुर में सीरीज का पहला वनडे खेला गया. भारतीय टीम 308 रनों का पीछा करते हुए 128 रन पर पांच विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी. इस मैच में डेब्यू कर रहे तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे थे. हालांकि वह बार-बार भारतीय बल्लेबाजों के रन लेने के दौरान उनके रास्ते में आ रहे थे. रोहित शर्मा ने रहमान का ध्यान इस ओर दिलाया, लेकिन बांग्लादेश का तेज गेंदबाज अपनी हरकतों से बाज नहीं आया. इस दौरान वह महेंद्र सिंह धोनी के रन लेने के दौरान उनके रास्ते में भी आ गया, लेकिन धोनी ने भी हार नहीं मानी और रहमान को कोहनी मारकर किनारे किया और रन पूरा किया. हालांकि बाद में दोनों की मैच फीस काट ली गई.

तीन टी-20 और दो टेस्ट मैच की सीरीज
भारत और बांग्लादेश (India vs Bangladesh) के बीच टी20 सीरीज का आगाज 3 नवंबर से होगा. यह मुकाबला दिल्ली में खेला जाएगा. दूसरा टी-20 मैच राजकोट में 7 नवंबर और तीसरा मैच नागपुर में 10 नवंबर को खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज भी खेली जाएगी. इसके तहत पहला मैच 14 नवंबर से इंदौर में शुरू होगा, जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट कोलकाता में 22 नवंबर से खेला जाएगा. कोलकाता में खेला जाने वाला दूसरा टेस्ट डे-नाइट होगा और ये गुलाबी गेंद से खेला जाएगा. ये पहला मौका होगा जब भारतीय टीम डे-नाइट टेस्ट खेलेगी