भारतीय टीम के कार्यवाहक कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने शनिवार को संकेत दिया कि मुंबई के ऑल राउंडर शिवम दुबे (Shivam Dube) को रविवार को यहां बांग्लादेश (Bangladesh) के खिलाफ शुरुआती टी20 मैच में अंतरराष्ट्रीय पदार्पण का मौका दिया जा सकता है. कप्तान ने युवा दुबे और संजू सैमसन (Sanju Samson) की काफी प्रशंसा की, उन्होंने केरल के विकेटकीपर के अनुभव की बात भी कही. रोहित ने कहा कि इन दोनों में से एक खिलाड़ी को अंतिम एकादश में खेलते हुए देखा जा सकता है और जिस तरह से वह युवा विकेटकीपर ऋषभ पंत (Rishabh Pant) का समर्थन कर रहे थे, यह स्पष्ट था कि दुबे को अंतरराष्ट्रीय पदार्पण दिया जा सकता है.

रोहित बोले- दुबे टीम में खेलने की दौड़ में शामिल
रोहित ने मैच से पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा, 'हम अभी आकलन करेंगे और मैच से पहले भी विचार किया जाएगा. लेकिन दोनों (संजू और दुबे) निश्चित रूप से दौड़ में हैं. इनमें से एक को निश्चित रूप से खिलाया जाएगा. आप इन्हें अंतिम एकादश में खेलते हुए देख सकते हैं. हर किसी के लिए दरवाजे खुले हैं. किसी भी समय कोई भी अंतिम एकादश में खेल सकता है.'

कौन हैं शिवम दुबे
शिवम दुबे (Shivam Dube) घरेलू क्रिकेट में मुंबई की ओर से खेलते हैं. वे बाएं हाथ के बल्‍लेबाज हैं और दाएं हाथ के मीडियम पेसर हैं. उनकी पहचान धमाकेदार अंदाज में बल्‍लेबाज के रूप में हैं. इस साल उन्‍होंने इंडिया ए व मुंबई के लिए सीमित ओवरों के मैचों में जबरदस्‍त प्रदर्शन किया है. उन्‍होंने 16 फर्स्‍ट क्‍लास मैचों में 1012 रन बनाए हैं और 40 विकेट लिए हैं. इसमें उनके नाम 2 शतक व 7 अर्धशतक है जबकि गेंदबाजी में उन्‍होंने 2 बार 5-5 विकेट भी लिए हैं. वहीं लिस्‍ट ए में उन्‍होंने 35 मैच में 614 रन और 34 विकेट लिए हैं. बैटिंग में उनका औसत 43.85 और स्‍ट्राइक रेट 121.34 का है. टी20 क्रिकेट में भी दुबे का रिकॉर्ड जबरदस्‍त है. इसमें 19 मैच में 242 रन और 14 विकेट लिए हैं. इस फॉर्मेट में वे 142.35 की स्‍ट्राइक रेट से रन बनाते हैं.
2018-2019 रणजी सत्र में वह मुंबई के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर रहे. उन्होंने 632 रन बनाए और 23 विकेट भी हासिल किए.

पिछले एक साल में उन्होंने जबरदस्त खेल दिखाया. हाल ही में समाप्‍त हुई विजय हजारे ट्रॉफी में भी दुबे ने आतिशी बल्‍लेबाजी की थी. उन्‍होंने कर्नाटक के खिलाफ महज 67 गेंदों पर 118 रन ठोक डाले थे. इसमें दस छक्के भी शामिल रहे.