भारतीय महिला क्रिकेट टीम वेस्टइंडीज दौरे पर है. लेकिन भारतीय टीम की सीरीज में शुरुआत कुछ खास नहीं रही. मिताली राज की कप्तानी में भारतीय महिला टीम सीरीज का पहला मुकाबला केवल 1 रन से हार गई. यह मुकाबला बहुत ही रोमांचक रहा. इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी की और 7 विकेट के नुकसान पर 225 रन बना दिए.

वेस्टइंडीज से मिले लक्ष्य को पूरा करने उतरी भारत की टीम की शुरुआत बहुत ही अच्छी रही. लेकिन भारतीय टीम 50 ओवर में 224 रन बनाकर ही ढेर हो गई. वेस्टइंडीज की तरफ से कप्तान स्टेफनी टेलर ने सबसे ज्यादा 94 रन की पारी खेली, जिसके लिए उनको प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

स्टेफनी टेलर 91 गेंदों में 94 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 8 चौके और 2 छक्के भी लगाए. जबकि ओपनर बल्लेबाज मैक्लीन ने 82 गेंदों में 51 रन की पारी खेली, जिसमें उन्होंने 6 चौके और एक छक्का भी लगाया. भारत की तरफ से शिखा पांडे और दीप्ति शर्मा ने दो-दो विकेट चटकाए. जबकि झूलन गोस्वामी, एकता बिष्ट और पूनम यादव केवल एक-एक विकेट निकालने में कामयाब रही.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की तरफ से प्रिया पुनिया और जेमिमा रोड्रिग्स के बीच पहले विकेट के लिए 78 रन की बेहतरीन साझेदारी हुई. लेकिन इसके बाद भारतीय टीम के विकेट एक के बाद एक गिरते गए और भारतीय टीम संभल नहीं पाई. भारतीय टीम यह मैच 1 रन से हार गई